NationalUttarakhand

शीतकालीन यात्रा में सीएम धामी को पीएम मोदी की शाबाशी, राज्य सरकार के प्रयासों की खुलकर सराहना

हाथ मिलाकर, पीठ थपथपाकर दिया प्रोत्साहन, मुख्यमंत्री धामी को ‘छोटा भाई’ और ‘ऊर्जावान नेता’ बताया

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शीतकालीन उत्तराखंड यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उनकी शानदार बॉन्डिंग एक बार फिर देखने को मिली। गुरुवार को प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री को न केवल गर्मजोशी से हाथ मिलाकर बधाई दी, बल्कि पीठ थपथपाकर भी उनकी सराहना की।

राज्य सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने, राष्ट्रीय खेलों के आयोजन और पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे फैसलों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम धामी के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। अपने संबोधन में उन्होंने राज्य सरकार के प्रयासों की बार-बार चर्चा करते हुए इसे एक अभिनव पहल बताया।

सीएम धामी के लिए पीएम मोदी के विशेष शब्द

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री धामी को “छोटा भाई” और “ऊर्जावान मुख्यमंत्री” कहकर संबोधित किया। उन्होंने अपनी केदारनाथ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि “यह दशक उत्तराखंड का है, और राज्य सरकार इसे साकार करने के लिए बेहतरीन कार्य कर रही है।”

प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा के आर्थिक और पर्यटन से जुड़े पहलुओं को रेखांकित किया और कहा कि इससे उत्तराखंड के पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री और उनकी सरकार को धन्यवाद दिया।

हर्षिल जनसभा में दिखा जबरदस्त उत्साह

प्रधानमंत्री मोदी की हर्षिल जनसभा के दौरान स्थानीय जनता का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बार-बार “मोदी-मोदी” के नारों से सभा गूंज उठी, जिस पर प्रधानमंत्री कई बार मुस्कराए और हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया।

पारंपरिक पहरावे और टोपी में सजे प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कई आंचलिक शब्दों का भी प्रयोग किया, जिससे स्थानीय जनता से उनकी आत्मीयता झलकी।

उत्तराखंड के विकास की ओर एक और मजबूत कदम

प्रधानमंत्री मोदी की शीतकालीन यात्रा को उत्तराखंड की पर्यटन, आर्थिकी और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। राज्य सरकार की इन पहलों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा और मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि उत्तराखंड अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button