NationalUttarakhand

कठुआ आतंकी हमले में उत्तराखंड के पांच वीर शहीद, प्रदेश में शोक की लहर

सीएम धामी ने जताया शोक, कहा - मानवता के दुश्मनों को बख्शा नहीं जाएगा

कठुआ, जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में उत्तराखंड के पांच वीर सपूत शहीद हो गए, जिससे पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करते हुए कहा, “कठुआ (J&K) में सेना के काफिले पर आतंकवादी हमले में पांच जवानों के शहीद होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा करता हूँ और पूर्ण विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि मानवता के ये दुश्मन बख्शे नहीं जाएँगे। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।”

इस आतंकी हमले में शहीद होने वाले वीर सपूतों में कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर निवासी राइफलमैन आदर्श नेगी, रुद्रप्रयाग निवासी नायब सूबेदार आनंद सिंह, लैंसडौन निवासी हवलदार कमल सिंह, टिहरी गढ़वाल निवासी नायक विनोद सिंह, और रिखणीखाल निवासी राइफलमैन अनुज नेगी शामिल हैं।

यह हमला कठुआ के पहाड़ी क्षेत्र में सेना के काफिले पर हुआ, जब आतंकियों ने सैन्य वाहन को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी। जवानों ने मौके पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसके चलते मुठभेड़ शुरू हो गई। इस हमले में दो अन्य जवान भी घायल हुए हैं।

यह घटना उत्तराखंड के लिए बेहद दुखद और हृदयविदारक है। राज्य सरकार और जनता इन वीर सपूतों की शहादत को सलाम करती है और उनके परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं प्रकट करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button