NationalUttarakhand

उत्तराखंड ने लॉन्च किया पहला राज्य प्रायोजित ऑनलाइन होमस्टे बुकिंग पोर्टल

www.uttarastays.com के माध्यम से अब होमस्टे बुकिंग की जा सकेगी, होमस्टे मालिकों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और सब्सिडी

देहरादून। उत्तराखंड ने पर्यटन क्षेत्र में एक नई पहल की है, जिसके तहत होमस्टे बुकिंग के लिए राज्य प्रायोजित ऑनलाइन पोर्टल www.uttarastays.com लॉन्च किया गया है। यह पहली बार है जब किसी राज्य के पर्यटन विभाग ने ऐसा पोर्टल लॉन्च किया है, जो होमस्टे मालिकों को सब्सिडी, कौशल प्रशिक्षण और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा प्रदान करेगा।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सचिव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुर्वे ने बताया कि राज्य में होमस्टे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक तीन-आयामी रणनीति बनाई गई है। इसमें होमस्टे मालिकों को सब्सिडी के माध्यम से सहायता, कौशल प्रशिक्षण और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बुकिंग की सुविधा शामिल है। उन्होंने होमस्टे मालिकों को अपने होमस्टे को पोर्टल पर पंजीकृत करने का निमंत्रण भी दिया है। इस प्लेटफॉर्म पर उपयोगकर्ता होमस्टे को रेटिंग भी दे सकते हैं, जिससे होमस्टे संचालकों को अपनी सेवाओं में सुधार करने का अवसर मिलेगा।

सचिन कुर्वे ने यह भी कहा कि भविष्य में होमस्टे को विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित वेलनेस सेंटरों के साथ जोड़ने की योजना है, ताकि पर्यटकों को योग, प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म, आयुर्वेदिक मसाज जैसी सेवाओं का भी लाभ मिल सके। यह पहल न केवल राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि होमस्टे संचालकों की आर्थिकी को भी मजबूत करेगी। इस पोर्टल के माध्यम से आम जनता को होमस्टे के बारे में सही जानकारी प्राप्त होगी और बुकिंग करना आसान होगा।

उन्होंने बताया कि इस ऑनलाइन पोर्टल के साथ पर्यटन विभाग ने होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए एक नया आयाम जोड़ा है। होमस्टे मालिक अपने होमस्टे की जानकारी प्रदान कर और एक समझौते पर हस्ताक्षर करके पोर्टल पर बुकिंग के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।

उत्तराखंड पर्यटन विभाग स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह पहल होमस्टे मालिकों को बिना किसी शुल्क के एक ऑनलाइन माध्यम प्रदान कर उनके राजस्व को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button