Uttarakhand

मुख्यमंत्री धामी ने चमोली आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, मृतकों के परिजनों को मिली 5-5 लाख की सहायता

आपदा पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा, अधिकारियों को राहत व बहाली कार्यों में पूरी तत्परता से जुटने के निर्देश

चमोली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह से आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित गांव कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी का स्थलीय निरीक्षण किया तथा धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से हुए नुकसान और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों से मिलकर कहा कि सरकार युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चला रही है और जन-जीवन को जल्द सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्बहाली कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने विशेष रूप से बिजली और पेयजल आपूर्ति को बहाल करने और प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क को प्राथमिकता से ठीक करने के आदेश दिए।

जिलाधिकारी चमोली श्री संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि अब तक 12 घायलों को हेलीकॉप्टर से उच्च केंद्रों में भेजा गया है। इनमें से 01 घायल को एम्स ऋषिकेश और 11 घायलों को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रेफर किया गया है।

आपदा से अब तक 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त, 15 गौशालाएं नष्ट, 8 पशुओं की मौत और 40 पशु लापता होने की सूचना है। प्रभावितों को खाद्य सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विस्तृत सर्वेक्षण का कार्य जारी है।

इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक थराली श्री भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गजपाल बर्तवाल, पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार, एसडीएम चमोली श्री आर.के. पाण्डेय सहित जिले के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button