Uttarakhand

अल्मोड़ा में बारिश का कहर: मकान ढहने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

वडयूड़ा गांव में तड़के हादसा, मलबे में दबे मां-बेटी और बेटे के शव बरामद; सड़क बंद होने पर 3 किमी पैदल पहुंचे SDRF जवान

अल्मोड़ा, 1 सितंबर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार तड़के सोमेश्वर थाना क्षेत्र के वडयूड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक आवासीय मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के दौरान मकान के मलबे में एक ही परिवार के तीन सदस्य दब गए। सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन तीनों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (42), उनकी बेटी कल्पना आर्या (19) और बेटे मनीष कुमार (18) के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मलबे के कारण रास्ता हुआ बंद, पैदल पहुंचे जवान

हादसे की सूचना मिलते ही पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले सड़क पर मलबा आने के कारण मार्ग बंद था। ऐसे में SDRF जवानों ने करीब तीन किलोमीटर का रास्ता पैदल तय कर गांव तक पहुंच बनाई।

मौके पर पहुंचकर SDRF ने स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और फायर सर्विस के साथ समन्वय करते हुए मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की।

एक-एक कर बरामद किए तीन शव

सघन सर्च अभियान के दौरान SDRF जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रेमा देवी, कल्पना आर्या और मनीष कुमार के शव मलबे से बरामद किए। आवश्यक कार्रवाई के लिए तीनों शव जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।

परिवार का एक सदस्य सुरक्षित

हादसे के दौरान परिवार का एक अन्य सदस्य गुलाब राम मकान के बाहर स्थित कमरे में सो रहा था। मकान गिरने के दौरान वह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।

लगातार बारिश से बढ़ी चिंता

घटना के बाद वडयूड़ा गांव में शोक का माहौल है। क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल के अनुसार, तीनों शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन की टीम मृतकों के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक सहायता और अन्य कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button