Uttarakhand

हरिद्वार कुंभ-2027 में लगेगा 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की जांच का लक्ष्य

एक लाख निःशुल्क चश्मे बांटने और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन की तैयारी, सीएम धामी ने नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

देहरादून। हरिद्वार कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 45 दिवसीय नेत्र महाशिविर आयोजित किया जाएगा। 12 जनवरी से 25 फरवरी तक चलने वाले इस शिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की आंखों की जांच, एक लाख निःशुल्क चश्मों के वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में आयोजित नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी संस्था ‘सक्षम’ और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि नेत्र कुंभ की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुंभ इसी भावना को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण कई लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना महत्वपूर्ण सेवा है।

प्रयागराज से शुरू हुई सेवा यात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ की शुरुआत वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों मरीजों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में प्रस्तावित नेत्र कुंभ-2027 इस सेवा अभियान को और व्यापक बनाएगा।

उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात और पैदल आवागमन की बेहतर व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से अधिक से अधिक जरूरतमंद श्रद्धालुओं को इस चिकित्सा अभियान का लाभ पहुंचाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, ललित प्रसाद पंत, सुरेंद्र मित्तल, डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button