मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वदेशी संकल्प दौड़ का किया शुभारंभ, युवाओं से स्वदेशी अपनाने का आह्वान
राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री ने कहा — स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत, “वोकल फॉर लोकल” को जन आंदोलन बनाना होगा
देहरादून, 12 जनवरी 2026 (सू. ब्यूरो)
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत” आज भी हर युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन, विचार और कर्म युवाओं में राष्ट्र निर्माण की ऊर्जा का संचार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वदेशी अपनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जन आंदोलन में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प की दिशा में अग्रसर है, और इस लक्ष्य की प्राप्ति में देश के युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
श्री धामी ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों को जन भागीदारी के साथ आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अनुशासित जीवन अपनाएँ, शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान दें, और अपने राष्ट्र कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी संकल्प दौड़ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, मेयर श्री सौरभ थपलियाल, भाजपा संगठन मंत्री श्री अजेय कुमार, भाजपा पदाधिकारी और भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



