मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की जिलाधिकारियों संग समीक्षा बैठक, 31 मार्च 2026 तक सरकारी संपत्तियों की मैपिंग के निर्देश
पुराने लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर हुई चर्चा, 108 एम्बुलेंसों के शीघ्र प्रतिस्थापन और एग्री स्टैक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून, 05 जनवरी 2025 (सू. ब्यूरो)
मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक के दौरान जनपद स्तर पर लम्बे समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई और संबंधित विभागीय सचिवों के साथ चर्चा कर कई मामलों का निस्तारण किया गया।
मुख्य सचिव ने उत्तराखण्ड गवर्नमेंट एसेट मैनेजमेंट सिस्टम के अंतर्गत सभी विभागों को अपनी सरकारी संपत्तियों की मैपिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 मार्च, 2026 तक सभी विभागों को अपनी संपत्तियों की मैपिंग पूर्ण करनी होगी।
बैठक में मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि खराब एवं जर्जर हो चुकी 108 एम्बुलेंस और विभागीय वाहनों को शीघ्र बदला जाए, ताकि आम जनता को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से मिल सकें।
इसके अलावा श्री बर्द्धन ने एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत अंश निर्धारण, डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसानों के पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुछ जिलों ने इस दिशा में सराहनीय कार्य किया है, जबकि कुछ जिलों को अभी और प्रयास करने की आवश्यकता है।

बैठक में प्रमुख सचिव विधायी श्री धनंजय चतुर्वेदी, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश कुमार झा, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, श्री चंद्रेश कुमार यादव, श्री दीपक रावत, श्री विनय शंकर पाण्डेय, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री रणवीर सिंह चौहान, श्री धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी जनपदों से जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग



