NationalSportsUttarakhand

मोबाइल की रिंगटोन में गूंजेगा राष्ट्रीय खेल एंथम

कूड़ा गाड़ियों और एफएम के जरिये भी होगा प्रचार, बीएसएनएल को भेजा जा रहा है पत्र

38वें राष्ट्रीय खेल का एंथम “आन बान शान ले, शौर्य का प्रमाण ले” जल्द ही आपके मोबाइल की रिंगटोन में सुनाई दे सकता है। राष्ट्रीय खेल सचिवालय ने इस संबंध में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को पत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एंथम को अधिक प्रचारित और प्रसारित करने के लिए नए-नए माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।

राष्ट्रीय खेल इस महीने की 28 तारीख से शुरू हो रहे हैं। प्रचार अभियान को तेज करते हुए, 15 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस एंथम का शुभारंभ किया था। यह एंथम “आन बान शान ले, शौर्य का प्रमाण ले” देशभर के खेल प्रेमियों में जोश भरने का काम करेगा।

प्रचार के अनोखे माध्यम

राष्ट्रीय खेलों के एंथम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नगर निकाय क्षेत्रों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों और एफएम रेडियो जैसे माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। सफाई वाहनों से एंथम की धुन सुनाई देने की योजना बनाई गई है। साथ ही, उन जिलों में प्रचार को प्राथमिकता दी जा रही है जहां खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

एंथम का संक्षिप्त संस्करण

लंबे एंथम को प्रचार की दृष्टि से छोटा करके 30 सेकेंड का हिस्सा इस्तेमाल किया जाएगा। यह न केवल जनसामान्य तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करेगा, बल्कि इसकी यादगार धुन से खेल भावना भी जागृत होगी।

विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राष्ट्रीय खेल, अमित सिन्हा ने कहा: “मोबाइल रिंगटोन में राष्ट्रीय खेलों का एंथम सुनाई दे, इसके लिए हमारी बीएसएनएल से बात हुई है। अब आधिकारिक पत्र भी भेजा जा रहा है। वहां से जवाब आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सफाई वाहन हो या फिर एफएम, हम राष्ट्रीय खेलों के प्रचार के लिए ज्यादा से ज्यादा माध्यमों का उपयोग करना चाहते हैं।”

यह है राष्ट्रीय खेल का एंथम:

आन बान शान ले, शौर्य का प्रमाण ले
एकत्र सर्वश्रेष्ठ है मैदान में
ना कोई विकल्प हो, संकल्प से शिखर तक
विजय गाथा लिख दें आसमान में।

पर्वतों की गोद में, गली-गली प्रमोद में
देवभूमि की धरा अखंड ये
हर घड़ी प्रयास में, आगमन की आस में
मेजबान आज उत्तराखंड ये।

उल्लास का यह पर्व है
हर किसी को गर्व है
मान हमको भारत विराट पर
जीत की हो कामना
खेल की हो भावना
जीत का तिलक है हर ललाट पर।

खेल है खिताब है, मेल है मिलाप है
समग्र अपने देश की है एकता
स्वागत सत्कार है
अपने देश की है ये विशेषता।

गूंज विजय नाद की, जोश में भरे सभी
दहाड़ते हैं आज आसमान में।
गरजते हैं जोर से
जो आए हर ओर से
ना कोई शिकन है ना गुमान है।

आन बान शान ले, शौर्य का प्रमाण ले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button