Uttarakhand

30 सितंबर तक शुरू होगी पिथौरागढ़-मुनस्यारी हेली सेवा, केंद्र ने भेजा पत्र

हैरिटेज एविएशन करेगी संचालन, पिथौरागढ़-धारचूला रूट पर भी तैयारी तेज

देहरादून। लंबे समय से प्रतीक्षित पिथौरागढ़-मुनस्यारी हेली सेवा 30 सितंबर तक शुरू होने जा रही है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर सूचित किया कि उड़ान योजना के तहत इस सेवा के संचालन के लिए हैरिटेज एविएशन का चयन किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू से राज्य में हेली सेवाओं के विस्तार को लेकर सहयोग मांगा था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने पत्र लिखकर जानकारी दी कि पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ मार्ग पर हेली सेवा जल्द ही शुरू होगी।

इसी क्रम में पिथौरागढ़-धारचूला-पिथौरागढ़ रूट पर भी हेली सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए धारचूला में हेलीपैड निर्माण हेतु भूमि की आवश्यकता है। इस मार्ग पर भी सेवा संचालन के लिए हैरिटेज एविएशन को प्रारंभिक सहमति दी जा चुकी है।

साथ ही, पिथौरागढ़ से दिल्ली के बीच उड़ान योजना के तहत सेवा शुरू करने का भी प्रस्ताव विचाराधीन है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि एयरलाइंस की ओर से प्रस्ताव मिलने पर इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

रेल नेटवर्क को लेकर भी राहतभरी खबर आई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि अछनेरा-टनकपुर रेल सेवा के संचालन के लिए फिजिबिलिटी अध्ययन कराया जा रहा है। अध्ययन पूरा होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में हेली सेवाओं और रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में पहल करने के लिए दोनों केंद्रीय मंत्रियों का आभार जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button