अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री बोले — माता-पिता की भावनाओं के अनुरूप होगा अगला निर्णय; सरकार की प्रभावी पैरवी से तीनों दोषियों को हो चुकी है आजीवन कारावास की सजा
देहरादून, 06 जनवरी 2025 (सू. ब्यूरो)
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले में पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस जघन्य अपराध की निष्पक्ष जांच के लिए सरकार ने महिला अधिकारी श्रीमती रेणुका देवी की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। इस एसआईटी ने प्रकरण के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की और सरकार की सशक्त एवं प्रभावी न्यायालयीय पैरवी के परिणामस्वरूप तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एसआईटी की जांच पर न केवल निचली अदालत, बल्कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने भी संतोष व्यक्त किया है, जो जांच की निष्पक्षता और मजबूती को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुछ लोग एक कथित ऑडियो क्लिप के आधार पर प्रदेश में अनावश्यक माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि न्यायिक प्रक्रिया अपने निष्कर्ष तक पहुँच चुकी है और दोषियों को कठोर सजा दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच से संबंधित प्रश्न पर कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करती है, परंतु इस दुखद घटना से सबसे अधिक प्रभावित अंकिता के माता-पिता हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अंकिता के माता-पिता से संवाद करेंगे और उनकी भावनाओं, पीड़ा एवं अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी संवेदनशीलता के साथ कार्य करती रहेगी।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग



