Uttarakhand

उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का गौरव, मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय खेल मंत्री से मांगी विशेष सहयोग की मांग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भेंट कर उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों की जानकारी साझा की और खेल सुविधाओं के विकास के लिए विशेष धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन 28 जनवरी से 14 फरवरी, 2025 तक चलेगा और इसमें देशभर से 10,000 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन से उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं का विकास तेजी से किया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अल्मोड़ा जिले के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं (हाई एल्टीट्यूड सेंटर) के निर्माण और राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स हॉल की स्थापना के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

इसके अलावा, देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आईस स्केटिंग रिंग के संचालन के लिए धनराशि, टिहरी स्थित शिवपुरी के साहसिक प्रशिक्षण केंद्र के उच्चीकरण, और चम्पावत जिले में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइम्बिंग वॉल के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता का आग्रह किया।

केंद्रीय खेल मंत्री ने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन राज्य के खेल विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेल आयोजनों और अवस्थापनात्मक विकास से प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और उत्तराखंड खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button