Uttarakhand

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर महिला एवं युवक मंगल दलों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री बोले — स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत, युवाशक्ति राष्ट्र के पुनर्जागरण का आधार

देहरादून, 12 जनवरी 2026 (सू.वि.)
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मंगल दलों को क्रमशः ₹1 लाख, ₹50 हजार एवं ₹25 हजार की धनराशि पुरस्कारस्वरूप प्रदान की गई।

  • महिला मंगल दल धापला (नैनीताल) को प्रथम,

  • महिला मंगल दल सेमा (चमोली) को द्वितीय,

  • तथा महिला मंगल दल बनाली (टिहरी गढ़वाल) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

इसी प्रकार,

  • युवक मंगल दल मोख मल्ला (चमोली) को प्रथम,

  • युवक मंगल दल सुंदरपुर रैक्वाल (नैनीताल) को द्वितीय,

  • और युवक मंगल दल चौडीराय (चम्पावत) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं एवं एनएसएस अवार्ड प्राप्त युवाओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनएसएस द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु ₹2 लाख 24 हजार 320 रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया।


मुख्यमंत्री धामी ने स्वामी विवेकानंद जी को नमन करते हुए कहा कि वे ऐसे युगद्रष्टा ऋषि थे जिन्होंने दासता की बेड़ियों में जकड़े राष्ट्र के भीतर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को पुनः प्रज्वलित किया। उन्होंने कहा कि विवेकानंद जी का शिकागो में दिया गया ऐतिहासिक भाषण न केवल पश्चिमी जगत को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराता है, बल्कि यह संदेश देता है कि सनातन संस्कृति के ज्ञान और मूल्यों में ही समस्त मानवता का कल्याण निहित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। जब युवा संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभावना से प्रेरित होते हैं, तभी कोई राष्ट्र आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा और मार्गदर्शन देकर भारत को न केवल आर्थिक महाशक्ति बनाया जा सकता है, बल्कि उसे पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं से युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुसार अवसर मिल रहे हैं।

राज्य सरकार भी युवाओं को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और तकनीकी नवाचारों के चलते नए अवसर सामने आ रहे हैं। इसलिए युवाओं को “फ्यूचर रेडी” बनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया है, जिसमें उन सभी स्थलों को शामिल किया जाएगा जहां स्वामी विवेकानंद ने उत्तराखंड की भूमि पर साधना और तप किया था।


खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों की वैश्विक प्रतिष्ठा स्थापित की। उनकी शिक्षा और राष्ट्रभावना आज भी हर युवा को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार सभी क्षेत्रों में कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव (खेल) श्री अमित सिन्हा, तथा निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Todays News Update

Today's News Update is a dynamic online news platform committed to delivering timely and accurate news coverage across various topics, including politics, technology, business, entertainment, and more. Our mission is to empower readers with insightful and engaging content that keeps them informed and connected to the world. Visit us at Today's News Update for the latest updates.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button