NationalUttarakhand

प्रधानमंत्री मोदी के प्रवास से उत्तराखंड पर्यटन को मिला नया आयाम

शीतकालीन यात्रा को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान, चार धाम यात्रा के लिए भी मजबूत आधार तैयार

देहरादून। उत्तराखंड की शीतकालीन यात्रा और चार धाम यात्रा को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रवास बेहद अहम साबित हुआ है। मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा और हर्षिल से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिया गया संदेश देश-दुनिया तक पहुंच चुका है। उत्तराखंड सरकार को उम्मीद है कि इस ऐतिहासिक यात्रा के बाद राज्य का पर्यटन और तीर्थाटन नई ऊंचाइयों को छुएगा।

शीतकालीन यात्रा को नया जीवन, चार धाम यात्रा को मजबूती

प्रधानमंत्री का यह दौरा उस समय हुआ जब शीतकालीन यात्रा अभी दो महीने शेष है और 30 अप्रैल से चार धाम यात्रा शुरू होने वाली है। ऐसे में उनके प्रवास से न केवल मौजूदा पर्यटन को बढ़ावा मिला है, बल्कि चार धाम यात्रा के लिए भी मजबूत आधार तैयार किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं, जिनमें –
घाम तापो पर्यटन को बढ़ावा देने की बात
धर्माचार्यों और योगाचार्यों द्वारा योग शिविर आयोजित करने की अपील
कॉरपोरेट कंपनियों के लिए सेमिनार आयोजित करने का सुझाव
फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए आमंत्रण
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को प्रमोट करने की अपील

रजत जयंती वर्ष में ऐतिहासिक प्रमोशन

उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी ने शीतकालीन यात्रा का सबसे बड़ा प्रचार किया है। इससे पहले कभी भी इस यात्रा को लेकर इतने व्यापक और गंभीर प्रयास नहीं किए गए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी सुनिश्चित हो पाई, जिसका अब दूरगामी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।

ब्रांड एंबेसडर के रूप में फिर साबित हुए मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के सबसे बड़े ब्रांड एंबेसडर के रूप में फिर साबित हुए हैं। केदारनाथ धाम इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जहां उनकी विशेष रुचि और प्रयासों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या ने नए रिकॉर्ड बनाए।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 28 जनवरी को राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ के अवसर पर ही शीतकालीन यात्रा का हिस्सा बनने की इच्छा जता दी थी। कार्यक्रम में बदलाव के बावजूद, उन्होंने मुखवा और हर्षिल का दौरा कर यह संदेश दिया कि उत्तराखंड उनके दिल के बेहद करीब है।

मुखवा-हर्षिल में खुशी की लहर, प्रधानमंत्री को आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा से मुखवा और हर्षिल में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। गंगोत्री मंदिर के सचिव सुरेश सेमवाल ने इस अवसर को गौरवशाली क्षण बताया और कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार कोई प्रधानमंत्री मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल पर पूजा-अर्चना के लिए आया है।

तीर्थपुरोहित एवं लोक कलाकार रजनीकांत सेमवाल ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी का आभार जताते हुए कहा कि मुखवा और हर्षिल का चयन ऐतिहासिक है, जो इस क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को और बढ़ाएगा।


प्रधानमंत्री मोदी की उत्तराखंड यात्रा ने शीतकालीन पर्यटन और चार धाम यात्रा के लिए नए अवसर खोल दिए हैं। सरकार और पर्यटन से जुड़े लोगों को विश्वास है कि यह यात्रा उत्तराखंड को धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button