Uttarakhand

पवाणी अग्निकांड: 39 परिवारों पर टूटा संकट, राहत और पुनर्वास कार्य तेज

डीएम प्रशांत आर्य ने गांव पहुंचकर लिया राहत कार्यों का जायजा, प्रभावितों के लिए सामुदायिक रसोई और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था; 45 राशन किट समेत जरूरी सामग्री वितरित

उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। आग की चपेट में आने से 39 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे इतने ही परिवार प्रभावित हुए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गांव पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4:49 बजे गांव में आग लग गई थी। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी पुरोला सहित विभिन्न विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, अस्थायी आवास और दैनिक जरूरतों की व्यवस्था की जा रही है। गांव में सामुदायिक रसोई स्थापित कर लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्राथमिक विद्यालय के स्टोर रूम को अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने राहत एवं बचाव कार्यों को सुगम बनाने के लिए गांव में अस्थायी हेलीपैड भी बनाया है। पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में तैनात हैं।

हेलीकॉप्टर से किया प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण

अग्निकांड के बाद आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण किया। मदन कौशिक ने गांव का निरीक्षण कर जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र में राहत कार्य शुरू कर दिए थे। जिलाधिकारी उत्तरकाशी के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, स्वास्थ्य, एंबुलेंस और जिला पूर्ति विभाग की टीमें प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

कंबल, टेंट और राशन किट बांटी गईं

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की जा रही है। अब तक उपलब्ध कराई गई सामग्री में 123 कंबल, 100 जैकेट, 45 गमबूट, 24 टेंट, चार बड़े टेंट और रेडक्रॉस के टेंट शामिल हैं। इसके अलावा 12 बर्तन सेट, 45 गैस चूल्हे, 45 बाल्टियां, 45 हाईजीन किट और 50 गद्दे भी उपलब्ध कराए गए हैं।

प्रभावितों को बेडशीट, तकिया कवर, 15 सोलर स्ट्रीट लाइट, 100 गिलास, 100 थाली और 50 टॉर्च भी दी गई हैं। परिवारों के लिए 45 राशन किट भेजी गई हैं। प्रत्येक किट में 20 किलोग्राम चावल के साथ आटा, तेल, नमक, चीनी, चाय और अन्य खाद्य सामग्री रखी गई है।

इसके साथ ही तहसील प्रशासन ने भी प्रभावित परिवारों को चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, आलू, सोयाबड़ी और 15 तिरपाल वितरित किए हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button