Uttarakhand

देहरादून में शुरू हुआ CM3 MR साइट का उत्पादन, पहली खेप में 21 यूनिट रवाना

इंडिया ऑप्टेल की आयुध निर्माण इकाई में तैयार हुईं साइटें, फ्रांस की कंपनी साफ्रान के साथ साझेदारी से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मिलेगी मजबूती

देहरादून। रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में देहरादून ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) की देहरादून स्थित आयुध निर्माण इकाई में CM3 MR साइट का उत्पादन शुरू हो गया है। बुधवार, 25 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में तैयार की गई पहली खेप की 21 साइटों को रवाना किया गया। इससे रक्षा उपकरणों के लिए विदेशी आयात पर निर्भरता कम करने और देश में उन्नत तकनीक के निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस परियोजना को फ्रांस की अंतरराष्ट्रीय कंपनी साफ्रान (Safran) के साथ रणनीतिक साझेदारी के तहत आगे बढ़ाया गया है। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने इसे कंपनी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नए उत्पाद का उत्पादन शुरू होना नहीं है, बल्कि भारतीय रक्षा औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया कि साफ्रान के साथ पिछले वर्ष हुआ समझौता अब उत्पादन के स्तर तक पहुंच गया है। वर्ष 2021-22 से ही सशस्त्र बलों को आधुनिक और उन्नत उत्पाद उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादन में तकनीकी सहयोग और रणनीतिक साझेदारी की अहम भूमिका है। एलएंडटी और साफ्रान जैसी कंपनियों के साथ सहयोग से विशिष्ट रक्षा तकनीकों का देश में निर्माण संभव होगा और आयात पर निर्भरता घटेगी।

भविष्य में हजारों साइटों के उत्पादन का लक्ष्य

शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने विश्वास जताया कि आयुध निर्माण इकाई देहरादून की टीम की मेहनत और तकनीकी दक्षता से आने वाले समय में हजारों CM3 MR साइटों का उत्पादन किया जाएगा। इससे देश की रक्षा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही कर्मचारियों के लिए काम और कौशल विकास के नए अवसर भी तैयार होंगे।

उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित उत्पादन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति से तय होती है। इसलिए उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और उत्पादन प्रक्रिया में लगातार सुधार पर ध्यान देना जरूरी है। आयुध निर्माणी में नई बिल्डिंग और प्रणालियों में किए जा रहे सुधार भी भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे।

K9 वज्र परियोजना में भी बढ़ रही कंपनी की भूमिका

कार्यक्रम में कंपनी की अन्य उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि अक्टूबर के अंत में चंडीगढ़ से K9 वज्र कार्यक्रम के लिए इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम (INS) की पहली खेप रवाना की गई थी। अब देहरादून से CM3 MR साइटों का पहला बैच भेजा गया है। इन उपलब्धियों को K9 वज्र परियोजना में इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की बढ़ती भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर आयुध निर्माण इकाई देहरादून के मुख्य महाप्रबंधक सी.एस. ठाकुर ने इसे इकाई के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम के प्रयासों से उत्पाद को सफलतापूर्वक उत्पादन के स्तर तक पहुंचाया गया है। अपर महाप्रबंधक राघव गुप्ता ने CM3 MR साइट की तकनीकी जानकारी दी और इसके उत्पादन को शुरू करने के लिए किए गए प्रयासों के बारे में बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button