Uttarakhand

चमोली में भालू का आतंक: हमले से बचने के दौरान चट्टान से गिरी महिला की मौत, दूसरी गंभीर

चमोली। पोखरी विकासखंड की नेल ग्राम पंचायत के सिदेली तोक में भालू के हमले से बचने के दौरान एक महिला की चट्टान से गिरकर मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने और आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

भालू को देखकर भागीं, चट्टान से गिरी महिला

ग्रामीणों के अनुसार, विमला देवी (56) पत्नी चंद्रशेखर सिंह और लक्ष्मी देवी पत्नी गजेंद्र सिंह, दोनों नेल सिदेली क्षेत्र की निवासी हैं। दोनों सिदेली तोक गई थीं, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू से बचने के लिए दोनों भागने लगीं। इसी दौरान विमला देवी चट्टान से नीचे जा गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, भालू के हमले में लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला का रेस्क्यू कर उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

वन विभाग की टीम ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग को भी सूचना दी गई। वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रही है और भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार भालू की आवाजाही से लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने आबादी वाले इलाकों में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और भालू को पकड़ने की मांग की है।

डीएम ने की घटना की पुष्टि

चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भालू के हमले में एक महिला की मौत हुई है, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। प्रशासन और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटा रही हैं।

मृतक: विमला देवी, 56 वर्ष, निवासी नेल सिदेली, पोखरी, चमोली।
घायल: लक्ष्मी देवी, निवासी नेल सिदेली, पोखरी, चमोली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button