Uttarakhand

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया माल्टा महोत्सव में प्रतिभाग, कहा — माल्टा मिशन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी

राज्य सरकार स्थानीय फलों के उत्पादन और विपणन को दे रही प्रोत्साहन, माल्टा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में ठोस कदम

देहरादून, 08 जनवरी 2026 (सू. ब्यूरो)
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईटीबीपी स्टेडियम सीमा द्वार, देहरादून में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए किसानों से संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए गए माल्टा एवं नींबू की खटाई का स्वाद लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में माल्टा उत्पादन की अपार संभावनाएँ हैं। राज्य सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए “माल्टा मिशन” शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस मिशन के माध्यम से माल्टा के उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों के कृषकों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय फलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार केवल माल्टा ही नहीं, बल्कि कीवी, सेब, आड़ू, पुलम, नींबू वर्ग के फल एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि माल्टा महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को सीधे उपभोक्ताओं और बाजार से जोड़ने का कार्य करते हैं, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त होता है और स्थानीय उत्पादों की लोकप्रियता बढ़ती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।

इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी श्री संजय गुंज्याल एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button