Uttarakhand

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिद्धपीठ माँ सुरकंडा देवी मंदिर में पूजा अर्चना की

प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और स्थानीय समुदाय से बातचीत की

टिहरी, 02 जनवरी 2025: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सिद्धपीठ माँ सुरकंडा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। उन्होंने माँ सुरकंडा देवी के दर्शन कर विधिवत पूजा संपन्न की और प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर की परिक्रमा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।

मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं से मुख्यमंत्री ने यात्रा के अनुभवों के बारे में बातचीत की। श्रद्धालु मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उत्साहित दिखे और कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्वयं सहायता महिला समूहों द्वारा उत्पादित स्थानीय उत्पादों की खरीददारी कर महिलाओं को प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी प्रमुख मंदिरों को इस यात्रा के लिए तैयार किया जा रहा है और अधिकांश स्थलों पर तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उत्तराखंड को एक नई पहचान देने और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने का एक प्रयास है।

इस अवसर पर एसएसपी आयुष अग्रवाल, एडीएम ए.के. पाण्डेय, एएसपी जे.आर. जोशी और अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button