Uttarakhand

धामी ने दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी, गूलर घाटी बस हादसे के घायलों से भी मिले

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ इलाकों में मोबाइल मेडिकल यूनिट से मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं; एम्स ऋषिकेश पहुंचकर मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल कीं। उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद मुख्यमंत्री एम्स ऋषिकेश पहुंचे और टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुए बस हादसे में घायल लोगों का हालचाल जाना।

‘आरोग्य रथ’ की शुरुआत पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से की गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए अब लोगों को अपने आसपास ही प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन आरोग्य रथों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श देने में मदद मिलेगी। इसके अलावा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और उनकी पहुंच बढ़ाने के लिए काम कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में कॉर्पोरेट संस्थाओं तथा सामाजिक संगठनों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।

एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों का जाना हाल

आरोग्य रथों को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एम्स ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने गूलर घाटी बस दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।

आरोग्य रथों को रवाना किए जाने के अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button