Uttarakhand

₹55 करोड़ की लागत से गदरपुर-दिनेशपुर-मटकोटा-हल्द्वानी मार्ग का पुनर्निर्माण व चौड़ीकरण कार्य शुरू

मुख्यमंत्री धामी बोले – परियोजना से तराई क्षेत्र को मिलेगा नया विकास आयाम, व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा

देहरादून। केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत गदरपुर-दिनेशपुर-मटकोटा-हल्द्वानी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण तथा मानूनगर-गदरपुर-दिनेशपुर-मटकोटा-हल्द्वानी मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास सोमवार को ₹55 करोड़ की लागत से किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह परियोजना तराई क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके पूर्ण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह मार्ग गदरपुर, दिनेशपुर, मटकोटा, छतरपुर के साथ ही उत्तर प्रदेश के विलासपुर को भी आपस में जोड़ेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना से लगभग दो लाख स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और उद्योगों के कर्मचारियों को सुरक्षित और सहज आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। राज्य के शहरों से लेकर दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित रहता है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं। लेकिन सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर यातायात को शीघ्र बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सीमांत क्षेत्रों तक सड़क नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है। डबल इंजन की सरकार दशकों से लंबित कार्यों को पूर्ण कर रही है और राज्य की कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार लाया गया है।

उन्होंने बताया कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना से पूरे तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई की समस्या का समाधान होगा। वहीं, खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी की स्थापना से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिल रही है। इसके साथ ही सरकार राज्य की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन पर भी कार्य कर रही है। केदारखंड की भांति मानसखंड के मंदिरों के पुनरुत्थान और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर सांसद श्री अजय भट्ट, विधायक श्री शिव अरोड़ा, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री गुंजन सुखीजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button