NationalUttarakhand

शीतकालीन गद्दी स्थल पर पीएम मोदी की पूजा-अर्चना, हिमालय के दिव्य स्वरूप के किए दर्शन

मुखवा गांव में मां गंगा की विधिपूर्वक पूजा, हर्षिल घाटी में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी और बाइक रैली का शुभारंभ

उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत गुरुवार को उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले मुखवा गांव में मां गंगा के शीतकालीन गद्दी स्थल पर पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए विधिपूर्वक मां गंगा की पूजा की और भोग अर्पित किया।

स्थानीय संस्कृति से अभिभूत हुए प्रधानमंत्री

पूजा के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पारंपरिक रांसों नृत्य के माध्यम से प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुखवा गांव में हिमालय की भव्यता को निहारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यू प्वाइंट से काफी देर तक बर्फ से ढकी चोटियों और हर्षिल घाटी से बहती भागीरथी नदी की सुंदरता को निहारते रहे।

उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुखवा से हर्षिल कार्यक्रम स्थल जाते हुए प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में प्रदेश के प्रमुख शीतकालीन पर्यटन स्थलों को दर्शाया गया था, जिससे उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

बाइक रैली और ट्रैकिंग को हरी झंडी

प्रधानमंत्री ने हर्षिल घाटी से एक ट्रैकिंग एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल उत्तराखंड के एडवेंचर और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

मुखवा को मिलेगी नई पहचान

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को मुखीमठ (मुखवा) को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत को सशक्त बनाने के रूप में देखा जा रहा है। इससे क्षेत्र में पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी और स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से लाभ होगा।

प्रधानमंत्री की यह यात्रा न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन और विकास को भी एक नई दिशा प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button