Uttarakhand

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हरदा में दिखी नई ऊर्जा, बोले- 80 की उम्र में पार्टी का भरोसा मिलना बूस्टर डोज जैसा

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात के बाद नई ऊर्जा और उत्साह से भरे नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी से बातचीत के बाद उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी सक्रियता और भूमिका को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। रावत ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई, जिससे उन्हें नई ऊर्जा और स्फूर्ति का अनुभव हो रहा है। इसका असर उत्तराखंड में भी दिखाई देगा।

हरीश रावत ने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में भी पार्टी नेतृत्व का उन्हें उत्तराखंड और देश में पार्टी के लिए उपयोगी मानना उनके लिए किसी बड़े उपहार से कम नहीं है। इस उम्र में नेतृत्व की ओर से मिला भरोसा उनके लिए बूस्टर डोज की तरह है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी पार्टी के लिए काम करते रहे हैं और आगे भी अपनी क्षमता के अनुसार सक्रिय रहेंगे।

धन्यवाद जनसंवाद यात्रा पर भी हुई चर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्हें अपनी धन्यवाद जनसंवाद यात्रा को लेकर भी राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने अपनी बात रखने का अवसर मिला। उन्होंने नेतृत्व को बताया कि वह लंबे समय तक बीमार रहे और एक गंभीर परिस्थिति से गुजरे। इस दौरान कई लोगों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी।

रावत ने कहा कि इसी अवधि में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके एक सहयोगी के घर छापा मारा और उन्हें भी नोटिस देकर तलब किया। उन्होंने बताया कि धन्यवाद जनसंवाद यात्रा से पार्टी को लाभ मिल रहा था, लेकिन प्रदेश प्रभारी की ओर से यात्रा रोकने का निर्देश मिलने के बाद उन्होंने आगे की यात्रा स्थगित कर दी थी।

बोले- राष्ट्रीय नेतृत्व से बातचीत के बाद छंट गया कुहासा

हरीश रावत ने यात्रा को लेकर उठे सवालों और चर्चाओं पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब कोई राजनीतिक गतिविधि होती है तो कई तरह की आवाजें उठती हैं और चर्चाएं शुरू हो जाती हैं। इससे कई बार वास्तविक उद्देश्य पीछे छूट जाता है।

उन्होंने कहा कि उनकी धन्यवाद जनसंवाद यात्रा का भी एक खास उद्देश्य और लक्ष्य था, लेकिन राजनीतिक चर्चाओं और उठती आवाजों के बीच उस पर कुहासा छा गया था। राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई बातचीत के बाद यह कुहासा छंट गया होगा। रावत के इस बयान को उत्तराखंड कांग्रेस में उनकी आगे की भूमिका और सक्रियता के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button