Uttarakhand

उत्तराखंड में कांग्रेस ने बढ़ाया कुनबा, आप के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी और भाजपा नेता महेश जगूड़ी पार्टी में शामिल

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई ज्वाइनिंग, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, करन माहरा और हरीश रावत समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद; 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल का दौर तेज

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में अपनी ताकत बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार, 26 नवंबर को आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मीडिया प्रभारी अमित जोशी के साथ डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश जगूड़ी कांग्रेस में शामिल हो गए।

दोनों नेताओं की ज्वाइनिंग देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कराई गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद अमित जोशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विफल साबित हुई है। उत्तराखंड राज्य की स्थापना जिन शहीद आंदोलनकारियों के सपनों और आकांक्षाओं को लेकर हुई थी, उन सपनों का प्रदेश बनाने के लिए मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है।

जोशी ने कहा कि उत्तराखंड को भाजपा के कथित कुशासन से मुक्त कराने और विकास एवं जनहित की राह पर आगे बढ़ाने में कांग्रेस सक्षम है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने की बात कही। उन्होंने विशेष रूप से अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने की बात भी कही।

एबीवीपी और भाजयुमो में भी निभा चुके हैं जिम्मेदारी

कांग्रेस में शामिल हुए महेश जगूड़ी का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के रहने वाले जगूड़ी वर्ष 2007 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े थे। उन्होंने संगठन में कॉलेज कार्यकारिणी सदस्य, कॉलेज इकाई मंत्री और महानगर सह मंत्री सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं।

वर्ष 2011 में उन्हें एबीवीपी का महानगर महामंत्री बनाया गया। 2012 में वे सदस्यता प्रमुख महानगर रहे और इसी वर्ष डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष भी चुने गए। इसके बाद वर्ष 2014 में उन्होंने मोथरोवाला से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव 851 मतों से जीता।

जगूड़ी भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी सक्रिय रहे। वर्ष 2015 में उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। 2016 में उन्होंने युवा मोर्चा के गढ़वाल संयोजक और 2017 में उत्तरकाशी जिला प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली।

पहले टल गई थी ज्वाइनिंग

बताया गया कि महेश जगूड़ी की कांग्रेस में शामिल होने की प्रक्रिया कुछ दिन पहले ही प्रस्तावित थी, लेकिन किसी कारणवश कार्यक्रम टल गया था। गुरुवार को राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई।

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस में इन नेताओं के शामिल होने को संगठन विस्तार की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि से आए नेताओं को पार्टी में शामिल कर कांग्रेस प्रदेश में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button