Uttarakhandअपराध

‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर, 98 छात्रों पर पुलिस ने भेजी कार्रवाई की रिपोर्ट

84 छात्र निलंबित, 4 निष्कासित; हुड़दंग, नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस सख्त

देहरादून। पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, मारपीट, नशाखोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल छात्रों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 98 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए संबंधित संस्थानों को रिपोर्ट भेजी गई है।

पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अब तक 84 छात्रों को निलंबित और 4 छात्रों को निष्कासित किया जा चुका है। अन्य छात्रों के मामलों में भी संबंधित संस्थानों स्तर से कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

शिक्षण संस्थानों को भेजी जा रही रिपोर्ट

दून पुलिस के अनुसार, कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल छात्रों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के साथ उनके संबंध में दर्ज मुकदमों और प्राप्त शिकायतों की जानकारी संबंधित विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों को भेजी जा रही है।

पुलिस ने संस्थानों से अपने नियमों के अनुसार ऐसे छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति की है।

बाहरी छात्रों की भी हो रही जांच

एसएसपी के निर्देश पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बाहरी छात्रों की पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है। पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी छात्र के आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

छात्रों को पुलिस की दो टूक

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने छात्रों को स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्र जीवन भविष्य निर्माण का समय है और इसे आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर बर्बाद नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, नशाखोरी, मारपीट और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button